जमीन विवाद में चचेरे भाई की कनपटी पर सटाकर मारी गोली, युवक की मौत; आरोपी फरार
वाराणसी। सिंधौरा थाना क्षेत्र के मझवां गांव में जमीन और मकान के पुराने विवाद ने गुरुवार रात खूनी रूप ले लिया। चचेरे भाइयों के बीच हुए विवाद में एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। गोली लगने से 20 वर्षीय सौरभ सिंह उर्फ बंटी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने भाई के साथ बाइक से फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मझवां गांव निवासी सौरभ सिंह उर्फ बंटी पुत्र लालू सिंह का अपने चचेरे भाई बबलू सिंह से जमीन और मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात करीब नौ बजे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान बबलू सिंह पिस्टल लेकर पहुंचा। लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन उसने सौरभ की कनपटी पर पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही सौरभ जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
परिजन और ग्रामीण गंभीर हालत में सौरभ को पहले स्थानीय चिकित्सक के पास ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दीनदयाल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने भी उसकी मौत की पुष्टि कर दी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
वारदात के बाद आरोपी बबलू सिंह अपने भाई के साथ बाइक से फूलपुर की ओर फरार हो गया। सूचना मिलते ही सिंधौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी गोमती जोन नृपेंद्र कुमार, एसीपी पिंडरा तथा एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस भी गांव में तैनात कर दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
Comments (0)