वाराणसी। काशी के अध्यात्मिक नगरी में चल रहे वृक्षारोपण महाअभियान के तहत रविवार को बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया गया। अभियान के नोडल मंत्री एवं प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने शिवपुर स्थित कांशीराम आवास परिसर तथा वरुणा नदी के तट पर पौधरोपण कर अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान आईएएस नोडल अधिकारी शंभू शरण, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर सिंह, वन विभाग की अधिकारी निधि सिंह चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। मीडिया से बातचीत में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं वाराणसी के सांसद नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रदेश में जनआंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जबकि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लिए 18.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के सहयोग से जिले में 20 लाख से अधिक पौधे लगाए गये।
मंत्री ने बताया कि शहर के 70 चौराहों पर सुबह से ही लोगों को निःशुल्क पौधे वितरित किए जा रहे हैं। विभिन्न स्थानों, मंदिरों, सार्वजनिक परिसरों और सड़कों के किनारे भी व्यापक स्तर पर पौधरोपण कराया जा रहा है। अभियान को जन-उत्सव का स्वरूप मिल गया है और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से निकलकर पौधे लेकर उन्हें रोप रहे हैं। रविंद्र जायसवाल ने कहा कि उन्होंने स्वयं भी अपनी मां के नाम एक पौधा लगाया है। 'हरा भरा प्रदेश, खुशियों का संदेश, सुरक्षित जीवन, समृद्ध परिवेश' का संदेश देते हुए 12 जुलाई को आयोजित पर्यावरण महायज्ञ के दौरान प्रदेश भर में लगाए जा रहे करीब 5 करोड़ पौधों के अवसर पर उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं पंजीयन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल और एमएलसी धर्मेंद्र सिंह ने पर्यावरण संरक्षकों को सम्मानित किया।
वन विभाग की ओर से सेंट्रल जेल रोड के पीछे पौधा रोपण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, मुख्य वन संरक्षक डॉ. रवि कुमार सिंह, नोडल अधिकारी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, जिला वनाधिकारी निधि चौहान, एनडीआरएफ एवं गंगा टास्क फोर्स के जवान तथा काशी के पर्यावरणविद् एवं समाजसेवी शामिल रहे। मंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिस तरह मां अपने बच्चों की देखभाल करती है, उसी प्रकार प्रत्येक व्यक्ति अपने लगाए हुए पौधे की भी देखभाल करे। हर नागरिक यदि कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखरेख करे तो पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सकेगा। उन्होंने सभी नागरिकों से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से जुड़ने और पर्यावरण संरक्षण के इस संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने की अपील की।
Comments (0)