वाराणसी। काशी की धरती से एक और प्रेरणादायी कहानी उभर कर सामने आई हैं। शिवपुर क्षेत्र के परमानंदपुर ग्राम सभा की निवासी, किसान विनोद पटेल की बेटी मुस्कान पटेल ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण से शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। बेंगलुरु स्थित अजीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी में ग्रेजुएशन के लिए मुस्कान का चयन हुआ है। लिखित परीक्षा और ऑनलाइन इंटरव्यू सफलतापूर्वक पास करने के बाद उसे 21 लाख 20 हजार रुपये की प्रतिष्ठित स्कॉलरशिप प्रदान की गई है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि मुस्कान हिंदी माध्यम की छात्रा रही हैं और अब वे पूरी तरह अंग्रेजी माध्यम में उच्च शिक्षा हासिल करेंगी। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के बावजूद माता-पिता ने बेटी को बेटे के समान आगे बढ़ाने का पूरा प्रयास किया। अब मुस्कान की सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे काशी क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। मुस्कान की इस उपलब्धि पर परमानंदपुर क्षेत्र के ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए उनका भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम पटेल चौराहा, नवलपुर, हनुमान जी मंदिर के पास संपन्न हुआ। आयोजनकर्ता दशरथ पटेल के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने होनहार बेटी मुस्कान को शाल, माल्यार्पण, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
समारोह में मुस्कान के पिता विनोद पटेल और माता प्रिया देवी ने बताया कि आर्थिक तंगी के बावजूद अपनी बेटी की पढ़ाई को प्राथमिकता दी। नंदलाल मास्टर (नागेपुर), जो गरीब और असहाय बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करते हैं, उनके प्रोत्साहन और सहयोग को मुस्कान के पिता ने विशेष रूप से सराहा। इस मंच पर दूसरी बेटी गुड़िया पटेल (मेहंदीगंज, राजातलाब) को भी भोपाल कैंपस में प्रवेश मिलने पर सम्मानित किया गया, गुड़िया के पिता भी मजदूरी का काम करते हैं।
विकास इंटर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. अशोक सिंह पटेल ने कहा कि मेहनत करने वाले छात्र-छात्राओं को एक दिन अवश्य सम्मान मिलता है और मुस्कान की उपलब्धि आसपास के सभी विद्यार्थियों के लिए बड़ी प्रेरणा है। मदनलाल मास्टर ने मुस्कान की शिक्षा में अपनी भूमिका पर गर्व व्यक्त किया। पंचमुखी संस्था द्वारा फॉर्म भरवाने और ऑनलाइन क्लासेस चलाने का आभार जताया गया। लोक समिति नागपुर ने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों के लिए लाइब्रेरी, किताबें और आर्थिक मदद उपलब्ध कराएं। मुख्य अतिथि के रूप में किसान मंच अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश प्रधान, विकास इंटर कॉलेज के प्रबंधक अशोक सिंह पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में दशरथ पटेल, राम नरेश सिंह, सुरेश कुमार, राम सूख, देव नाथ, दिलीप पटेल और समूचे ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा। मुस्कान पटेल की यह सफलता पूरे हिंदी भाषी क्षेत्र की छात्राओं के लिए एक मिसाल बन गई है। माता-पिता और समाज की उम्मीद है कि मुस्कान आगे भी अपनी राह पर अडिग रहते हुए और ऊंचाइयों को छुएंगी।
Comments (0)