आठ घंटे से ज्यादा आपूर्ति बाधित, शिकायत दर्ज कराने में भी हो रही परेशानी
वाराणसी। रोहनिया क्षेत्र के करसड़ा विद्युत उपकेंद्र से संचालित औंढे खुशीपुर, बेटावर, बच्छॉव समेत कई इलाकों में बुधवार देर रात बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब आठ घंटे सें ज्यादा तक बिजली गुल रहने के कारण जहां लोगों को उमस भरी गर्मी में दिक्कतें झेलनी पड़ीं, वहीं विद्युत विभाग के CUG (क्लोज्ड यूजर ग्रुप) मोबाइल नंबरों में नेटवर्क समस्या ने शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बिजली कटौती की जानकारी लेने और शिकायत दर्ज कराने के लिए जब विभागीय अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो कई CUG नंबरों पर कॉल नहीं लग सकी। नेटवर्क सिग्नल नहीं मिलने के कारण अधिकारी और उपभोक्ताओं के बीच संवाद स्थापित करने में परेशानी हो रही ।
नेटवर्क बाधित होने से विद्युत आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान, फॉल्ट की जानकारी और आपातकालीन कार्यों में भी कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी गई है। विभाग और नेटवर्क से जुड़े जिम्मेदार पक्षों को अवगत कराते हुए जल्द से जल्द व्यवस्था बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं ने मांग की है कि विद्युत आपूर्ति व्यवस्था के साथ-साथ विभागीय संपर्क व्यवस्था को भी मजबूत किया जाए, ताकि बिजली संबंधी समस्या आने पर तत्काल अधिकारियों तक सूचना पहुंचाई जा सके और समाधान कराया जा सके।
Comments (0)