वाराणसी। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ  चलाये जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देशन में थाना फूलपुर पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सुरही अंडरपास के पास से तीन अभियुक्तों को चोरी की बिना नंबर की तीन मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर छिपाकर रखी गई एक अन्य चोरी की बाइक भी बरामद हुई।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मिथिलेश कुमार (33) निवासी ओईना, थाना जलालपुर, जौनपुर, विकास राय (34) निवासी ओईना बेला, थाना जलालपुर, जौनपुर और डबलू (36) निवासी खेवसीपुर, थाना जलालपुर, जौनपुर के रूप में हुई है।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे आर्थिक लाभ कमाने के लिए संगठित रूप से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखते थे और ग्राहक मिलने पर उन्हें कम कीमत में बेच देते थे। बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बांट लेते थे।

पुलिस के अनुसार बरामद मोटरसाइकिलों में तीन हीरो स्प्लेंडर प्लस और एक टीवीएस अपाचे शामिल हैं। जांच में दो बाइक थाना फूलपुर, एक बाइक थाना चौबेपुर और एक बाइक थाना सिंधौरा क्षेत्र से चोरी की होना प्रकाश में आया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। इनके खिलाफ वाराणसी और जौनपुर के विभिन्न थानों में चोरी, माल बरामदगी और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।

बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2), 317(5) एवं 241 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर राजीव सिंह, चौकी प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र उ0नि0 अमित कुमार पाण्डेय, उ0नि0 जितेन्द्र कुमार यादव सहित थाना फूलपुर की पुलिस टीम शामिल रही।