शिवपुर स्थित राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज में मनोविज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ ने दी तनाव मुक्ति की उपयोगी टिप्स

वाराणसी। शिवपुर क्षेत्र के राघव राम वर्मा बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को मनोविज्ञान विषय की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को आधुनिक जीवन की चुनौतियों से उत्पन्न तनाव से मुक्ति दिलाना और उनके मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाना था। कार्यशाला में मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र के प्रवक्ता व काउंसलर जीतेन्द्र कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में बच्चों को संबोधित किया। उन्होंने छात्राओं को तनाव प्रबंधन की विभिन्न मनोवैज्ञानिक तकनीकें और व्यावहारिक टिप्स दिए। जीतेन्द्र कुमार ने बताया कि परीक्षा का दबाव, भावी करियर की चिंता और दैनिक जीवन की भागदौड़ युवा पीढ़ी खासकर बालिकाओं पर किस प्रकार प्रभाव डाल रही है। उन्होंने गहरी सांस लेने की विधि, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच और नियमित व्यायाम जैसे सरल लेकिन प्रभावी तरीकों पर जोर दिया।

कार्यशाला के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अनुभव साझा किए। विशेषज्ञ ने उनकी समस्याओं को सुनते हुए व्यक्तिगत स्तर पर भी मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर मनोविज्ञान केंद्र के कुंदन सिन्हा, विद्यालय के प्रबंधक विनोद बागी, प्रधानाचार्या सुमन सिंह, उप-प्रधानाचार्या नीतू सिंह सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का कुशल संचालन अंजनी पाठक ने किया। प्रधानाचार्या सुमन सिंह ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने मनोविज्ञान केंद्र का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसी उपयोगी गतिविधियों के आयोजन का संकल्प लिया। कार्यशाला के समापन पर छात्राओं ने वक्ता और अतिथियों का फूलों के गुलदस्तों से स्वागत किया और ज्ञानवर्धक सत्र के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। यह कार्यक्रम बालिकाओं के मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सार्थक कदम साबित हुआ।