विदिशा हाट महिला उद्यमियों का भव्य मेला 20 जुलाई को शुभम लॉन में लगेगा
महिलाओं द्वारा संचालित होगा पूरा आयोजन, स्वरोजगार को मिलेगा नया आयाम
वाराणसी/विदिशा। अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, विदिशा शाखा की संस्थापिका मधु तुलस्यान एवं शाखा अध्यक्षा सरोज तुलस्यान के मार्गदर्शन में 20 जुलाई 2025 को शुभम लॉन में “विदिशा हाट” नामक भव्य मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। देशभर से लगभग 70 महिला उद्यमियां अपने हस्तनिर्मित और आकर्षक उत्पादों की प्रदर्शनी एवं बिक्री के लिए यहां पहुंचेंगी। मेले का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा तथा यह रात्रि 8 बजे तक आमजन के लिए खुला रहेगा। मेले में हाथ से बनी राखियां, चांदी के एक्सक्लूसिव गिफ्ट आइटम्स, क्लच एवं पोटली बैग्स, डिजाइनर परिधान, स्किन केयर उत्पाद, आकर्षक उपहार सामग्री, गृह सज्जा का सामान, तोरण, क्रोशे से निर्मित कलात्मक वस्तुएं सहित अनेक हस्तनिर्मित उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे।
आयोजन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि मेले का संपूर्ण संचालन महिलाओं द्वारा किया जाएगा। सभी स्टॉल महिला उद्यमियों द्वारा ही लगाए और संचालित किए जाएंगे। इससे महिलाओं को स्वरोजगार, आत्मनिर्भरता तथा अपने उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने का बेहतरीन अवसर मिलेगा। संस्थापिका मधु तुलस्यान एवं शाखा अध्यक्षा सरोज तुलस्यान ने शहरवासियों से अपील की है कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए वे सपरिवार मेले में पहुंचें, महिला उद्यमियों द्वारा तैयार उत्कृष्ट उत्पादों की खरीदारी करें तथा उनके आत्मविश्वास और प्रयासों को प्रोत्साहित करें।
मेले की संयोजिकाएं नीतू मुरारका, मीना अग्रवाल, संध्या अग्रवाल एवं अलका बाजोरिया हैं। आयोजन को सफल बनाने में सचिव प्रीति बाजोरिया, कोषाध्यक्ष चंदन खेमका सहित शाखा की समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। यह जानकारी संस्था की मीडिया प्रभारी समता डीडवानिया ने दी है।
Comments (0)