छिनी गई जरीब और महिला आरक्षी का मोबाइल बरामद, अन्य आरोपितों की तलाश जारी
चंदौली। मुगलसराय थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में भूमि सीमांकन के दौरान पुलिस और राजस्व टीम पर हमला करने तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने चार पुरुष और तीन महिलाओं समेत सात आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से सीमांकन कार्य में प्रयुक्त जरीब और महिला आरक्षी का छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।शेष वांछित आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 27 जून को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में ग्राम कबीरपुर स्थित गाटा संख्या-11 की पैमाइश एवं सीमांकन की कार्यवाही राजस्व विभाग और पुलिस टीम की मौजूदगी में चल रही थी।
इसी दौरान कुछ लोगों ने सीमांकन का विरोध करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई।आरोप है कि उन्होंने पुलिस और राजस्व टीम पर हमला कर सीमांकन में प्रयुक्त जरीब छीन ली तथा कार्य रुकवा दिया। इस दौरान सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता भी की गई। घटना के दौरान महिला आरक्षी रिंसू सिंह वीडियो बना रही थीं। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन छीन लिया और पुलिस व राजस्व टीम पर ईंट-पत्थर बरसाए। पथराव में तीन महिला आरक्षी घायल हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।राजस्व निरीक्षक वीर बहादुर की तहरीर पर मुगलसराय थाने में विभिन्न धाराओं तथा सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सतीश सोनकर, शिवम सोनकर, सन्नी सोनकर, सुशील सोनकर, गीता देवी, नगीना उर्फ मधु और सोनी देवी, सभी निवासी ग्राम कबीरपुर, को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से छीनी गई जरीब और महिला आरक्षी का मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्यवाही करते हुए अन्य वांछित आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
Comments (0)