चंदौली। सैयदराजा थाना क्षेत्र में किशोर की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि 50 हजार रुपये के इनामिया और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने बिहार के कैमूर जनपद से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी सैयदराजा पुलिस, साइबर सेल और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाई में स्थानीय बिहार पुलिस के सहयोग से की गई।

एडिशनल एसपी के अनुसार 14 दिसंबर 2025 की रात सैयदराजा थाना क्षेत्र में चोरी की नीयत से आए बदमाशों का घरवालों से सामना हो गया था। विरोध करने पर बदमाशों ने 15 वर्षीय मोनू को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों की तहरीर पर सैयदराजा थाने में हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार मंगरु मुसहर पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से आरोपी मंगरु मुसहर पुत्र सूर्यनाथ मुसहर, निवासी ग्राम कुढनी, थाना कुढनी, जिला कैमूर (बिहार) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसके विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाई की जा रही है।


पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ नागेश्वर उर्फ रिंकू के संपर्क में रहकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। घटना वाली रात भी सभी ने पहले चोरी की योजना बनाई और कई घरों में चोरी की। अंतिम घर में परिवार के जाग जाने पर लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया। उसे छुड़ाने के प्रयास के दौरान शोर मचने पर साथी निहोर मुसहर ने तमंचे से गोली चला दी, जिससे किशोर मोनू की मौत हो गई। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जबकि निहोर मुसहर पकड़ा गया था।


गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध सैयदराजा थाने में हत्या सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्यवाई जारी है।