बारा, प्रयागराज (01 अगस्त)। तहसील बारा में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों को जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान है। शिकायतों के निस्तारण में देरी या उदासीनता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं फरियादियों की शिकायतें सुनीं और राजस्व, पुलिस तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक प्रकरण की जमीनी स्तर पर निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने और उन्हें समाधान से संतुष्ट करने के भी निर्देश दिए।
कार्यक्रम के दौरान तहसील परिसर में बेसिक शिक्षा विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, उद्यमिता विकास केंद्र सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र लोगों तक लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इसी अवसर पर पोषण अभियान के अंतर्गत दो गर्भवती महिलाओं मीरा देवी और प्रीति की गोदभराई कराई गई, जबकि तीन बच्चों रियांशी, रूद्र और आरूशी का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 539 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें राजस्व विभाग की 212, पुलिस विभाग की 175, चिकित्सा की 2, खाद्य एवं रसद की 25, जल निगम की 5, नलकूप की 3, लोक निर्माण विभाग की 10, विद्युत की 30, सिंचाई की 5, शिक्षा की 2, विकास विभाग की 55, कृषि की 2, समाज कल्याण की 10 तथा वन विभाग की 3 शिकायतें शामिल रहीं। इनमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से वरासत, अवैध कब्जा और अन्य लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों की अलग-अलग सूची तैयार कर नियमित समीक्षा की जाए ताकि किसी भी फरियादी को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में डीसीपी यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव, अपर जिलाधिकारी (आपूर्ति) विजय शर्मा, उपजिलाधिकारी बारा शिखा शंखवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
Comments (0)