चंदौली।जनपद में सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को मुगलसराय स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पिज्जा के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिया। साथ ही प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों को लेकर संचालक को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय), चंदौली के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने प्रतिष्ठान के किचन, स्टोरेज एरिया तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाई गई तकनीकी एवं व्यावहारिक कमियों को गंभीरता से लेते हुए संचालक को निर्धारित समय सीमा के भीतर सुधार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि समय पर कमियां दूर नहीं किए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग की ओर से संकलित खाद्य नमूनों को सील कर परीक्षण एवं विश्लेषण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस विशेष अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार एवं रणधीर सिंह यादव शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य ने कहा कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी औचक निरीक्षण और सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
Comments (0)