वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के थाना जंसा पुलिस ने रिंग रोड नेशनल हाईवे पर स्ट्रीट लाइट की केबल चुराने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की लगभग 20 फीट केबल, 210 ग्राम कॉपर तार, घटना में प्रयुक्त प्लास और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (गोमती जोन) के कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, ए.बी. इंफ्राजोन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में इलेक्ट्रीशियन के पद पर कार्यरत सूरज निषाद ने 7 अगस्त को थाना जंसा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि रिंग रोड हाईवे पर सड़क किनारे लगे पोल से अज्ञात चोर लगातार बिजली की केबल काट रहे हैं, जिससे हाईवे पर अंधेरा छा जाने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की।
शनिवार, 8 अगस्त को मुखबिर की सटीक सूचना पर थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में जंसा पुलिस टीम ने संजोई रेलवे क्रासिंग फ्लाईओवर के पास घेराबंदी की। पुलिस टीम ने मौके पर बिजली के पोल से तार निकालते हुए अभियुक्त दिनेश राजभर (30 वर्ष), निवासी हरपुर (थाना मिर्जामुराद, वाराणसी) को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त दिनेश राजभर ने खुलासा किया कि वह पेशे से बिजली मिस्त्री है। काम न मिलने पर वह रिंग रोड हाईवे पर लगे बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर से केबल काटकर चोरी करने लगा। वह चोरी की गई केबल को जलाकर कॉपर निकालता था और फिर उसे कबाड़ी को बेच देता था। अभियुक्त ने करीब 10 दिन पहले भी हाईवे से केबल काटी थी और शनिवार को उसे बेचने जाने के साथ-साथ दोबारा पोल से तार काटने की कोशिश कर रहा था, तभी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।
पुलिस ने अभियुक्त के पास से चोरी की 20 फीट केबल, 210 ग्राम कॉपर तार, प्लास और एक मोटरसाइकिल (संख्या UP65DB3496) बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक आयुष कुमार ओझा, अंकुर कुशवाहा, पवन कुमार यादव तथा आरक्षी अनुराग शामिल रहे।
Comments (0)