लखनऊ/चंदौली। पत्रकारों के हित में सूचना विभाग ने महत्वपूर्ण पहल करते हुए आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को और सरल बनाने की दिशा में कदम उठाया है। सूचना निदेशक विशाल सिंह ने पत्र के माध्यम से बताया कि जिन पत्रकारों ने आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन किया था, लेकिन विभिन्न कारणों से उनका कार्ड अभी तक नहीं बन सका है, वे beneficiary.nha.gov.in पोर्टल पर अपने आवेदन की स्थिति की जांच कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि यदि पोर्टल पर लाभार्थी का नाम प्रदर्शित हो रहा है और उसमें किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक है, तो संबंधित जनपद के मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सुधार कराया जा सकता है।

सूचना निदेशक ने बताया कि जिन पत्रकारों ने अभी तक आयुष्मान कार्ड के लिए आवेदन नहीं किया है या आवेदन के बावजूद उनका कार्ड जारी नहीं हुआ है, उनकी सुविधा के लिए विभाग जल्द ही एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू करेगा। इस पोर्टल के माध्यम से पत्रकार अपने जिले के जिला सूचना अधिकारी के जरिए आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।उन्होंने कहा कि पोर्टल के संचालन की सूचना शुरू होते ही सभी जिलों को उपलब्ध करा दी जाएगी, जिससे पात्र पत्रकारों को आयुष्मान कार्ड बनवाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।यह पहल पत्रकारों को स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ समयबद्ध और सुगमता से उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।