कप्तान के हाथों सम्मान से वंचित रहे आरक्षी को थानाध्यक्ष ने सौंपा प्रशस्ति पत्र, 159 गुमशुदा मोबाइल बरामदगी में निभाई अहम भूमिका

मुगलसराय। गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले मुगलसराय थाने में तैनात आरक्षी परवेज अहमद को रविवार को थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान थानाध्यक्ष ने आरक्षी के सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

बताया गया कि आरक्षी परवेज अहमद को गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी में उत्कृष्ट योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक चंदौली आकाश पटेल द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया था। हालांकि, सम्मान समारोह के दौरान आरक्षी छुट्टी पर होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके थे। इसी के चलते आज थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपकर सम्मानित किया।

गौरतलब है कि आरक्षी परवेज अहमद ने CEIR पोर्टल के माध्यम से 159 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके इस कार्य को पुलिस विभाग की ओर से सराहनीय पहल के रूप में देखा जा रहा है।