वाराणसी। सावन माह में कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में शुक्रवार की शाम डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मडुवाड़ीह चौराहे एवं कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, मडुवाड़ीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा तथा क्राइम इंस्पेक्टर विद्यासागर शुक्ला मौजूद रहे। अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन, संवेदनशील स्थलों की निगरानी तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े सभी बिंदुओं की समीक्षा की।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी जाए और श्रद्धालुओं को निर्बाध एवं सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जाए।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
Comments (0)