प्रयागराज। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त श्री पीयूष मोर्डिया की अध्यक्षता में रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित त्रिवेणी सभागार में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण तथा कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. अजय पाल शर्मा तथा अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय श्री विजय ढुल सहित समस्त पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं पुलिस की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ सौम्य एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए, जिससे कांवड़िए अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकें।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को कांवड़ यात्रा मार्गों का नियमित निरीक्षण करने तथा डिवाइडरों में बने अवैध कटों को तत्काल बंद कराने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से लगातार निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाउडस्पीकर का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर ही किया जाए। गंगा एवं अन्य घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, फ्लोटिंग बैरियर एवं आवश्यकतानुसार साइन बोर्ड लगाने तथा पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से श्रद्धालुओं को लगातार आवश्यक जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग में पड़ने वाले शिविरों एवं विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कहा। वहीं, श्रावण मास में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रक एसोसिएशनों से समन्वय स्थापित कर रूट डायवर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा डायवर्जन प्वाइंट, पेट्रोल पंप और ढाबों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा पुलिस आयुक्त ने सभी थाना प्रभारियों को थानों पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने, शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने और आमजन के साथ शालीन व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित पैदल गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रावण मास के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे।