चंदौली। जनपद के सकलडीहा बार एसोसिएशन में लंबे समय से चले आ रहे संगठनात्मक विवाद और गतिरोध के बाद मंगलवार को नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह तहसील परिसर स्थित बार सभागार में संपन्न हुआ। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के हस्तक्षेप से गठित नई कार्यकारिणी ने विधिवत दायित्व संभाला। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लेकर संगठन की एकता, गरिमा और न्यायिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने का संकल्प लिया।

समारोह के मुख्य अतिथि श्रीनाथ त्रिपाठी (सह-अध्यक्ष, बार काउंसिल ऑफ इंडिया एवं सदस्य, बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश) ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और कार्यकारिणी सदस्यों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र और न्यायपालिका का मजबूत स्तंभ है तथा बार एसोसिएशन की मजबूती अधिवक्ताओं की एकजुटता, अनुशासन और आपसी सहयोग पर निर्भर करती है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से मतभेद भुलाकर संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान किया।

शपथ ग्रहण समारोह में अशोक कुमार यादव ने लगातार दूसरी बार अध्यक्ष तथा रामराज्य यादव ने लगातार दूसरी बार महामंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष सहित नवगठित कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने भी अपने-अपने पद की शपथ ग्रहण की।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के सम्मान और हितों की रक्षा, बार की गरिमा बनाए रखने तथा संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की अपील भी की।

कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता नितिन तिवारी ने किया। समारोह को सफल बनाने में पंकज कुमार यादव (पूर्व महामंत्री), नागेंद्र सिंह, रोहित तिवारी, कमलेश पाठक, पिन्टू यादव, सारंग, मनोज सहित अनेक अधिवक्ताओं का योगदान रहा। समारोह में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही और पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।