चंदौली। मुगलसराय के नई बस्ती क्षेत्र स्थित एक बैंक शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर घर जा रहे एक उपभोक्ता से एक युवक ने थैले में रखी नकदी झपटकर भागने का प्रयास किया। हालांकि शोर मचाने पर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि इन दिनों बैंकों पर पुलिस की नियमित चेकिंग और निगरानी अभियान ठप होने के कारण झपटमार और उचक्कों का गिरोह बैंक परिसरों के आसपास सक्रिय हो गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।