चहनिया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को लोकनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रामगढ़ में तिरंगा यात्रा निकाली गई। महाविद्यालय के प्रबंधक धनंजय सिंह की अध्यक्षता और राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना रहा।
महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा ग्रामसभा रामगढ़ के आसपास के क्षेत्रों से होकर गुजरी। प्राचार्य, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यात्रा के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. बाबू लोकनाथ सिंह की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विद्यार्थियों ने भारत माता की जय, वंदे मातरम और तिरंगा हमारी शान है जैसे नारों से राष्ट्र गौरव का संदेश दिया।
प्रबंधक धनंजय सिंह ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की एकता, विविधता, स्वतंत्रता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने सभी से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा राष्ट्रीय एकता और सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा में डॉ. रितेश कुमार गुप्ता, डॉ. गोविंद नारायण, डॉ. नीलम प्रजापति, संजय सिंह, रफत जहां, अवधेश सिंह, भृगुनाथ पाठक, धीरेंद्र कुमार राय, पीयूष कुमार राय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी ने सक्रिय भूमिका निभाई।
Comments (0)