चंदौली जनपद के बबुरी थाना क्षेत्र के गौरी गांव में पैसे देकर धर्मान्तरण का खेल चल रहा था सूचना मिलते ही पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ लिया और बहुत सारी सामग्री भी बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लोगों को अनुचित प्रभाव में लेकर धन का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त 2026 को गौरी गांव निवासी अशोक पुत्र बाढ़ू के आवास पर लोगों को एकत्रित कर ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। आरोप है कि वहां मौजूद लोगों को मुफ्त में पैसा देने तथा भविष्य में आर्थिक लाभ मिलने का प्रलोभन देकर हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से धर्म प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री बरामद की थी। इस संबंध में थाना बबुरी में मु0अ0सं0 113/26 के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3/5(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने मामले में वांछित आशीष नारायण पुत्र वंश नारायण, निवासी बड़गांव थाना शहाबगंज तथा अशोक पुत्र बाढ़ू, निवासी गौरी थाना बबुरी को 10 अगस्त 2026 को सुबह करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, हेड कांस्टेबल विजय शंकर और कांस्टेबल अजीत चौहान शामिल रहे।