रायपुर। योग गुरु बाबा रामदेव ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि एक दिन पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान फिर से भारत का हिस्सा होंगे। रामदेव ने लोगों से इसके लिए “थोड़ा धैर्य” रखने की बात कही। उनका यह बयान पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी की हिंदुओं और ‘अखंड भारत’ को लेकर की गई टिप्पणी के संदर्भ में आया है।
बाबा रामदेव ने सोमवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत में हिंदू, मुस्लिम या ईसाई किसी भी धर्म को खतरा नहीं है। साथ ही उन्होंने देश की प्रतिष्ठा, लोकतंत्र और विकास को मजबूत करने पर जोर दिया।
पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को लेकर क्या बोले रामदेव?
पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं की स्थिति का जिक्र करते हुए बाबा रामदेव ने वहां हिंदुओं के साथ कथित अत्याचार और अन्याय का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों के लिए जिम्मेदार लोगों को बयानबाजी से बचना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने कहा कि वह दिन आएगा जब पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान फिर भारत में शामिल होंगे। रामदेव ने इसके लिए लोगों से थोड़ा धैर्य रखने की अपील की।
भारत में किसी धर्म को खतरा नहीं: बाबा रामदेव
बाबा रामदेव ने कहा कि भारत में हिंदू धर्म के साथ-साथ मुस्लिम और ईसाई धर्म भी खतरे में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी समुदाय के साथ भविष्य में उत्पीड़न नहीं होना चाहिए। उन्होंने भारत को दुनिया का मजबूत लोकतंत्र बनाने की जरूरत बताई। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को दुनिया में सबसे आगे ले जाने और भारतीय पासपोर्ट को और मजबूत बनाने पर जोर दिया।
सनातन धर्म और धर्मांतरण पर भी बोले
रामदेव ने सनातन धर्म और धर्मांतरण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में ऐसी कोई कमी नहीं है जिसके कारण किसी व्यक्ति को दूसरे धर्म को अपनाने की जरूरत पड़े। उन्होंने आरोप लगाया कि इतिहास में कुछ लोगों ने तलवार, लालच, चमत्कार और गलतफहमियों के जरिए हिंदुओं का धर्मांतरण कराया। हालांकि उन्होंने सामाजिक भेदभाव और छुआछूत जैसी समस्याओं को भी स्वीकार करते हुए इन्हें गलत मानसिकता से जोड़कर देखा। रामदेव के मुताबिक सनातनी होने का अर्थ भगवान राम की मर्यादा, भगवान कृष्ण के कर्म और भगवान शिव की पवित्रता जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना है।
2047 तक विकसित भारत पर जोर
बाबा रामदेव ने कहा कि देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अर्थव्यवस्था जैसे क्षेत्रों में लगातार सुधार करना होगा। उन्होंने कहा कि देश की व्यवस्थाओं को मजबूत करना सरकार की जिम्मेदारी है। उनके मुताबिक, मजबूत अर्थव्यवस्था और बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था के जरिए भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है।
महबूबा मुफ्ती के बयान पर भी प्रतिक्रिया
रामदेव ने पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती की ‘दिमागी नक्सल’ वाली टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि वह राजनीतिक बयानों में ज्यादा नहीं पड़ना चाहते, लेकिन बौद्धिक अराजकता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने और प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन इस अधिकार का इस्तेमाल देश को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
Comments (0)