नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर संगठन में बड़े बदलाव के साथ अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन साधने की कोशिश की है। 65 सदस्यीय नई टीम में जहां पार्टी के पुराने और अनुभवी चेहरों को अहम जिम्मेदारियां बरकरार रखी गई हैं, वहीं बड़ी संख्या में नए चेहरों को भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है।

नई टीम में राष्ट्रीय सचिवों से लेकर विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों और मीडिया-सोशल मीडिया टीम तक व्यापक बदलाव देखने को मिला है। इससे साफ संकेत है कि बीजेपी आने वाले समय की राजनीतिक चुनौतियों के लिए संगठन को नए सिरे से तैयार करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही है।

अनुभव और नई पीढ़ी के बीच संतुलन

नितिन नबीन की नई टीम की सबसे बड़ी खासियत इसमें अनुभव और नई पीढ़ी का मिश्रण है। पार्टी ने संगठन में लंबे समय से काम कर रहे नेताओं की राजनीतिक और संगठनात्मक समझ का इस्तेमाल जारी रखने के साथ नए चेहरों को भी आगे बढ़ाया है।

नई टीम की औसत उम्र करीब 50 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। ऐसे में पार्टी ने न तो पूरी तरह अनुभवी चेहरों पर निर्भर रहने का रास्ता चुना है और न ही संगठन को पूरी तरह युवा नेतृत्व के हवाले किया है। माना जा रहा है कि यह संतुलन बीजेपी की दीर्घकालिक संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा है।

महिला प्रतिनिधित्व पर भी जोर

नई राष्ट्रीय टीम में महिलाओं को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। 65 सदस्यीय टीम में 12 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है, जो करीब 18.5 प्रतिशत प्रतिनिधित्व है।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को जिम्मेदारी दी गई है। महिला चेहरों को संगठन में प्रमुख पदों पर जगह देकर बीजेपी ने महिला नेतृत्व को लेकर अपनी प्राथमिकता का संकेत भी दिया है।

संगठन में बदलाव का बड़ा संदेश

राष्ट्रीय सचिवों, मोर्चों और मीडिया-सोशल मीडिया से जुड़े दायित्वों में बदलाव को महज पदों में फेरबदल के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। डिजिटल दौर में राजनीतिक संवाद और संगठन के विस्तार की बढ़ती भूमिका को देखते हुए मीडिया एवं सोशल मीडिया टीम में बदलाव खासा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नई टीम के जरिए बीजेपी ने एक तरफ अनुभवी नेताओं की संगठनात्मक पकड़ को बनाए रखने की कोशिश की है, तो दूसरी तरफ नए चेहरों को आगे लाकर भविष्य के नेतृत्व की जमीन भी तैयार करने का संकेत दिया है।

आगे की राजनीति के लिए संगठन को तैयार करने की कोशिश

नितिन नबीन की नई टीम से यह संदेश निकलता है कि बीजेपी संगठन में निरंतरता के साथ बदलाव को भी जगह देना चाहती है। अनुभवी नेताओं की मौजूदगी जहां संगठन को स्थायित्व देगी, वहीं नए चेहरों को जिम्मेदारी मिलने से नई ऊर्जा और नई कार्यशैली आने की उम्मीद है।

ऐसे में नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम को सिर्फ पदों के बंटवारे के तौर पर देखने के बजाय बीजेपी की अगली राजनीतिक पारी के लिए संगठन को तैयार करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। अब असली परीक्षा इस बात की होगी कि नई टीम संगठनात्मक बदलावों को जमीन पर कितनी प्रभावी तरीके से लागू कर पाती है।