31 जुलाई को लखनऊ में होगा सम्मान समारोह, एम.फिल. क्लीनिकल साइकोलॉजी के विद्यार्थियों ने बढ़ाया वाराणसी का मान

वाराणसी। नई सुबह इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड बिहेवियरल साइंसेज, वाराणसी ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय दिया है। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के 13वें दीक्षांत समारोह–2026 में संस्थान के एम.फिल. (क्लीनिकल साइकोलॉजी) सत्र 2024–26 के तीन विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।

31 जुलाई 2026 को लखनऊ में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में ईशा देवी (नामांकन संख्या 2401144003) को स्वर्ण पदक, आदेश सचदेवा (2401144001) को रजत पदक तथा रागिनी प्रसाद (2401144006) को कांस्य पदक प्रदान किया जाएगा।

संस्थान के निदेशक डॉ. अजय कुमार तिवारी ने कहा कि यह उपलब्धि केवल पदक विजेता विद्यार्थियों की नहीं, बल्कि पूरे नई सुबह परिवार के लिए गर्व और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन तथा संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ये विद्यार्थी भविष्य में शिक्षा, अनुसंधान एवं पुनर्वास सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देकर संस्थान और समाज का नाम रोशन करेंगे।

संस्थान के प्रधानाचार्य एवं समस्त संकाय सदस्यों ने पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नई सुबह परिवार ने इस उपलब्धि को संस्थान के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दी हैं।