मुंबई। महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर चुनाव आयोग ने अहम बदलाव किया है। आयोग ने SIR प्रक्रिया से जुड़ी प्रमुख तारीखों में संशोधन करते हुए मतदाताओं को दावा और आपत्ति दर्ज कराने के लिए अतिरिक्त समय दिया है।

संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक अब ड्राफ्ट मतदाता सूची 31 अगस्त 2026 को जारी की जाएगी। पहले इसे 24 अगस्त को जारी किया जाना था। वहीं, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तारीख भी बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है। पहले इसकी समयसीमा 23 सितंबर निर्धारित थी।

इसके बाद सभी दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम मतदाता सूची 4 नवंबर 2026 को जारी की जाएगी। पहले अंतिम सूची जारी करने की तारीख 27 अक्टूबर तय थी।

चुनाव आयोग के इस बदलाव से SIR प्रक्रिया के तहत मतदाताओं को अपनी जानकारी की जांच करने और किसी तरह की त्रुटि होने पर दावा या आपत्ति दर्ज कराने के लिए करीब एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मिल गया है।

आयोग के संशोधित कार्यक्रम के बाद अब महाराष्ट्र में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया नए तय कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगी।