श्रीनगर। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से श्रीनगर में मुलाकात की। बैठक के बाद गोर ने जम्मू-कश्मीर को लेकर अहम बयान देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अहम हिस्सा है। उन्होंने क्षेत्र की खूबसूरती की भी तारीफ की और यहां आकर खुशी जताई।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान दोनों के बीच जम्मू-कश्मीर की मौजूदा स्थिति और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद सर्जियो गोर ने कहा कि उमर अब्दुल्ला से मिलकर उनकी प्राथमिकताओं को समझने का अवसर मिला। उन्होंने मुलाकात को गर्मजोशी भरा और दोस्ताना बताया।
गोर ने संकेत दिया कि जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा हालात बेहतर होने के मद्देनजर अमेरिका क्षेत्र के लिए जारी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी की समीक्षा कर सकता है। उनका कहना था कि बेहतर सुरक्षा परिस्थितियां अमेरिकी पर्यटकों के लिए जम्मू-कश्मीर आने का रास्ता आसान कर सकती हैं।
अमेरिकी राजदूत ने कहा कि जम्मू-कश्मीर बेहद खूबसूरत है और यहां आकर वह काफी उत्साहित हैं। उन्होंने बताया कि मुलाकात के दौरान कुछ महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई, जिन्हें आगे वॉशिंगटन और दिल्ली के स्तर पर ले जाया जाएगा।
उन्होंने भारत-अमेरिका संबंधों को लेकर कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते को आगे बढ़ाने के लिए वह उत्सुक हैं। सर्जियो गोर की मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात और जम्मू-कश्मीर को भारत का अहम हिस्सा बताने वाली टिप्पणी को कूटनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments (0)