चंदौली।जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बलुआ पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) वाराणसी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 31.62 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार शाम मुखबिर की सूचना पर संयुक्त टीम ने ग्राम टाण्डाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से करीब 50 मीटर आगे घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने शोर मचाकर पुलिस को भ्रमित करने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने संयमित ढंग से कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार (मजिस्ट्रेट) दिनेश कुमार शुक्ला की मौजूदगी में उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी की हाफ पैंट की कमर में छिपाकर रखी गई काली पॉलीथीन से 253 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। इसके अलावा उसके पास से 1,100 रुपये नकद भी मिले।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह कैथी (वाराणसी) से हेरोइन लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था तथा मांग के अनुसार तौलकर ग्राहकों को आपूर्ति करता था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जगदीश सिंह (58 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम सोनबरसा (टाण्डाकला), थाना बलुआ, जनपद चंदौली के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना बलुआ पर मु.अ.सं. 210/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से भी दो मुकदमे दर्ज हैं, जिससे उसके मादक पदार्थों की तस्करी में लंबे समय से सक्रिय होने की पुष्टि होती है। संयुक्त कार्रवाई में थाना बलुआ पुलिस और एएनटीएफ वाराणसी की टीम के अधिकारियों व पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Comments (0)