वाराणसी। सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं ‘पर्यावरण ऋषि’ अनिल कुमार सिंह की प्रेरक पहल पर संत अतुलानंद कॉलेज के कोइराजपुर परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक भव्य जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण रैली, वृहद वृक्षारोपण और सनातन परंपरा के अनुसार गौ-पूजन का पावन कार्य सम्पन्न हुआ। 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर मुख्य अतिथि रहे, साथ में सीआरपीएफ के जवान भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल के चेयरमैन राहुल सिंह एवं निदेशक वंदना सिंह ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के गुरुजन, प्रबुद्ध नागरिकों और छात्र-छात्राओं ने कोइराजपुर परिसर तथा आसपास के क्षेत्र में विशाल पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल के चेयरमैन राहुल सिंह ने कहा कि रैली के माध्यम से समाज को पेड़ लगाने और प्रकृति को बचाने का संदेश दिया गया। रैली के बाद मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों ने परिसर में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। प्रकृति संरक्षण के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर को जोड़ते हुए वैदिक मंत्रोचार के बीच गौ-पूजन भी किया गया।
इस अवसर पर सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने सभी शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों को जल की एक-एक बूंद बचाने तथा पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज जल संकट और पर्यावरण असंतुलन सबसे बड़ी चुनौती है, जिससे निपटने के लिए छात्र शक्ति को आगे आना चाहिए। इसी क्रम में ‘पर्यावरण एवं जल संरक्षण’ विषय पर विशेष विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में विद्वानों और शिक्षाविदों ने बदलते मौसम चक्र, ग्लोबल वार्मिंग और गिरते भूजल स्तर को लेकर गहरी चिंता जताई। वक्ताओं ने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग बंद करने और वर्षा जल संचयन (वाटर हार्वेस्टिंग) को अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि, सृजन न्यास के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की। यह कार्यक्रम पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास सिद्ध हुआ।
Comments (0)