महिला उद्यमिता को मिलेगा नया प्लेटफॉर्म, खरीदारी-संस्कृति का अनोखा अनुभव
वाराणसी। मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा वाराणसी की ओर से 13 जुलाई 2026 को महमूरगंज स्थित शुभम बैंक्वेट हॉल में भव्य राजस्थानी मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में देशभर की हस्तकलाओं, फैशन, ज्वेलरी, गृह सज्जा और स्वादिष्ट व्यंजनों का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आयोजकों ने बताया कि काशी नगरी में राजस्थानी संस्कृति की भव्यता दिखाते हुए यह मेला महिलाओं के उद्यम, कला और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने का प्रमुख उद्देश्य रखता है। मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। आयोजन समिति के अनुसार मेला प्रातः 11 बजे से सायं 8 बजे तक चलेगा। इसमें लगभग 70 आकर्षक स्टॉल्स लगाए जाएंगे। राजस्थानी मेले में सूरत की डायमंड ज्वेलरी, नवरत्न ज्वेलर्स के विशेष आभूषण, होम फैशन उत्पाद, आकर्षक साड़ियां, विविध डिजाइनों की राखियां, जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए ठाकुर जी के श्रृंगार एवं आभूषण, नवीनतम डिजाइनर परिधान तथा बच्चों के लिए रंग-बिरंगी पेंसिल एवं अन्य आकर्षक सामग्री प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
मारवाड़ी युवा मंच गंगा शाखा, वाराणसी ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 13 जुलाई को अपने परिवार और मित्रों के साथ इस भव्य राजस्थानी मेले में अवश्य पधारें। देश के विभिन्न राज्यों की कला, संस्कृति, फैशन, आभूषण, गृह सज्जा सामग्री एवं स्वादिष्ट व्यंजनों से सजा यह मेला सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए यादगार अनुभव प्रदान करेगा। शाखा अध्यक्षा विनीता प्रसाद ने बताया कि यह आयोजन महिला उद्यमियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर देगा। आगंतुकों को खरीदारी, स्वाद और संस्कृति का अनूठा अनुभव मिलेगा। आयोजन समिति में सचिव सिल्की अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सुषमा अग्रवाल, प्रचार मंत्री अंशु अग्रवाल तथा संयोजिकाएं मनीषा अग्रवाल, स्मिता लोहिया, नीतू मुरारका, बबीता अग्रवाल, मीनू पोद्दार, मिली डीडवानिया, मेघा यादुका, राधा अग्रवाल, अनिता अग्रवाल, संध्या अग्रवाल और वंदना रतेरिया शामिल हैं। आयोजकों ने कहा कि यह मेला न केवल खरीदारी का केंद्र बनेगा बल्कि पारिवारिक आनंद और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक होगा। वाराणसीवासी इस अवसर पर राजस्थानी मेले का भरपूर आनंद लें।
Comments (0)