उन्नत ड्रोन प्रदर्शन सशस्त्र बलों और आईआईटी (बीएचयू) का संयुक्त नवाचार

नागरिक-सैन्य सहयोग को मिली नई दिशा, युवाओं में रक्षा प्रौद्योगिकी का उत्साह

 

भारत की स्वदेशी क्षमता पर जोर देनें का अनोखा प्रयास 

 

वाराणसी। सोमवार को आईआईटी (बीएचयू), वाराणसी में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। 39 जीटीसी के साथ मिलकर भारतीय सेना ने उन्नत ड्रोन तकनीकों का सजीव प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम संस्थान के स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और शोधकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

इस प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य नागरिक और सैन्य क्षेत्र के बीच सहयोग को मजबूत करना था। प्रदर्शन के दौरान आधुनिक रक्षा अभियानों में मानवरहित हवाई प्रणालियों (ड्रोन्स) की भूमिका को विस्तार से समझाया गया। विभिन्न प्रकार के उन्नत ड्रोन्स का प्रदर्शन किया गया, जिनकी क्षमताएं निगरानी, खुफिया जानकारी संग्रहण और लक्षित अभियानों में उपयोगी साबित होती हैं। छात्रों ने उत्साहपूर्वक इन तकनीकों के बारे में प्रश्न पूछे और विशेषज्ञों से जानकारी ली।

 

कार्यक्रम में यह स्पष्ट रूप से रेखांकित किया गया कि भारत ड्रोन और अन्य रक्षा प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर हो रहा है। सशस्त्र बलों के अधिकारियों ने बताया कि स्वदेशी विकास पर जोर देते हुए कई उन्नत प्रणालियां तैयार की जा रही हैं, जो देश की सुरक्षा को और मजबूत बनाएंगी।

यह आयोजन ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आगे बढ़ाते हुए युवा पीढ़ी को प्रेरित करने वाला साबित हुआ। आईआईटी (बीएचयू) के छात्रों में रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने और नवाचार करने की प्रेरणा बढ़ी। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे कार्यक्रम शैक्षणिक संस्थानों और सशस्त्र बलों के बीच नियमित सहयोग की नींव रखते हैं, जिससे भविष्य में और अधिक उन्नत तकनीकी समाधान विकसित किए जा सकेंगे।

इस पहल से न केवल छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान मिला बल्कि देश की तकनीकी आत्मनिर्भरता और सुरक्षा तैयारियों को भी बल मिला। आयोजकों ने आशा जताई कि भविष्य में ऐसे और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवा प्रतिभाएं राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में योगदान दे सकें।