चंदौली। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं निबंधन विभाग की ओर से नव निर्मित उप निबंधक सदर एवं सहायक महानिरीक्षक (एआईजी) निबंधन कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। करीब 3 करोड़ 55 लाख 76 हजार रुपये की लागत से बने इस आधुनिक भवन का उद्घाटन प्रदेश के स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रवीन्द्र जायसवाल ने फीता काटकर और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन के साथ किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि नए भवन के शुरू होने से रजिस्ट्री, स्टाम्प और निबंधन से जुड़े कार्य पहले से अधिक पारदर्शी, सुगम और तेज होंगे। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन से आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और विभागीय कार्यों में भी दक्षता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में समयबद्ध तरीके से पूरी की गई है।
मंत्री ने अधिवक्ताओं और डीड राइटर्स को संबोधित करते हुए कहा कि वे विभाग और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। नए भवन में उनके बैठने और कार्य करने की बेहतर व्यवस्था की गई है, जिससे वर्षों से चली आ रही असुविधाएं दूर होंगी। उन्होंने कहा कि डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने में अधिवक्ताओं का सहयोग सराहनीय है और सरकार उनके हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
लोकार्पण के बाद मंत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में आम का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक को अधिक से अधिक पौधरोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, अधिवक्ता, डीड राइटर्स आदि उपस्थित रहे।
Comments (0)