केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान के सहायक कुलसचिव प्रमोद सिंह को मिली नई जिम्मेदारी
वाराणसी। केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान (सीआईएचटीएस), सारनाथ, वाराणसी के सहायक कुलसचिव प्रमोद सिंह का चयन प्रतिष्ठित राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय (आरजीएनएयू), अमेठी में उप कुलसचिव के पद पर हुआ है। वर्ष 2019 से सीआईएचटीएस में अपनी सेवाएं दे रहे प्रमोद सिंह ने इस दौरान संस्थान के प्रशासनिक कार्यों को कुशलतापूर्वक संचालित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वाराणसी के लक्सा क्षेत्र के मूल निवासी प्रमोद सिंह अपनी कार्यकुशलता, प्रशासनिक दक्षता और अटूट कर्तव्यनिष्ठा के लिए संस्थान में अलग पहचान बनाने में सफल रहे। उनकी यह उपलब्धि उच्च शिक्षा क्षेत्र में लंबे अनुभव और समर्पण का प्रमाण है।
उप कुलसचिव पद पर चयन की सूचना मिलते ही प्रमोद सिंह के परिजनों, मित्रों, सहयोगियों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। सभी ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन, उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उनकी यह नियुक्ति न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है बल्कि उच्च शिक्षा प्रशासन के क्षेत्र में निष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली का जीवंत उदाहरण भी मानी जा रही है।
Comments (0)