वाराणसी: रूपापुर हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा, खड़े ट्रक से टकराई तेज रफ्तार बाइक; वेल्डिंग मिस्त्री की मौत
वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रूपापुर स्थित वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर रविवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर प्रयागराज की ओर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पांडेयपुर निवासी विजय कुमार पाल (30), पुत्र राजेंद्र पाल, के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विजय रविवार रात घर से एक परिचित के यहां आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने की बात कहकर निकला था। देर रात रूपापुर स्थित नेशनल हाईवे से गुजरते समय उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की आवाज काफी तेज थी। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक विजय की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही मिर्जामुराद पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मृतक के पास मिले मोबाइल फोन के जरिए पुलिस ने उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि विजय वेल्डिंग का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। वह चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
मिर्जामुराद पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Comments (0)